Smart Newsline (SN)
Get Latest News from Smart Newsline on Whatsapp (Click to Join)
- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Said BJP Made District Chief Through Horse Trading In Jaipur, People Who Have Their Hands, They Have Already Tried To Topple The Rajasthan Government
जयपुरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर लगाए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गहलोत ने कहा है कि बीजेपी कल तक सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने के आरोप लगा रही थी, लेकिन बीजेपी ने जयपुर जिला परिषद में हॉर्स ट्रेडिंग का सहारा लेकर अपना जिला प्रमुख बनाया है। अगर कांग्रेस सरकार पिछली बीजेपी सरकार की तरह सत्ता का दुरुपयोग करती, तो ऐसा संभव ही नहीं होता। गहलोत ने यह भी आरोप लगाया है कि इस हॉर्स ट्रेडिंग के खेल में वही लोग शामिल हैं, जो पहले भी राजस्थान में सरकार गिराने की गलत कोशिश कर चुके हैं। गहलोत ने इस बयान के ज़रिए सीधे सीधे बीजेपी के साथ ही बिना नाम लिए सचिन पायलट गुट पर निशाना साध दिया है। कांग्रेस आलाकमान को भी इसके ज़रिए बड़ा संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि गहलोत के आरोपों को इस घटना से और मजबूती मिल सके।
भाजपा के मुख्यमंत्री पद के 6 दावेदारों ने मेरे खिलाफ की बयानबाजी
गहलोत ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक साल से भाजपा के केन्द्रीय मंत्री और स्थानीय नेता लगातार मेरे खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के 6 दावेदारों ने बिना तर्कों और फैक्ट्स के मेरे और प्रदेश सरकार के खिलाफ बयानबाजी की। मैंने कभी इनका जवाब नहीं दिया। लेकिन राजस्थान के 6 जिलों में हुए पंचायतीराज चुनावों में जनता ने मुंहतोड़ जवाब देकर उनका मुंह बन्द कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के अहंकार और गलत प्रचार के खिलाफ जनता ने पंचायतीराज चुनावों में मुंहतोड़ जवाब दिया है।
नैगेटिव राजनीति को जनता ने किया खारिज
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जन कल्याण की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की बजाय उल जलूल बयानबाजी करते हैं। भाजपा के नेता समझ नहीं रहे हैं कि उनकी नैगेटिव राजनीति को जनता ने खारिज कर दिया है। प्रदेश सरकार के कोविड प्रबंधन, जनकल्याण की योजनाओं और गुड गवर्नेंस का जनता ने स्वागत किया है। जनता ने कांग्रेस को आशीर्वाद देकर बड़ा जनादेश दिया है और गांवों की सरकार से बीजेपी का सफाया कर दिया है। इन चुनाव परिणामों में किसानों और गांवों की जनता का भाजपा के लिए गुस्सा स्पष्ट तौर पर दिखाई दिया है। इन चुनावों में भाजपा के केन्द्रीय मंत्रियों तक ने प्रचार किया, लेकिन जनता उनके झूठ और गलत प्रचार में नहीं आई। प्रदेश सरकार के गुड गवर्नेंस पर जनता ने मुहर लगाई है और 2023 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाने का रास्ता भी जनता ने तय कर दिया है।
राजस्थान में सत्ता विरोधी लहर को नकारा
गहलोत ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार को 32 महीने हो गए हैं। लेकिन यहां कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है। यहां हुए हर चुनाव में जनता ने कांग्रेस का साथ दिया है। विधानसभा उपचुनाव, शहरी निकायों और पंचायत राज के चुनावों में जनता ने कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद दिया है। भाजपा को भी स्पष्ट संदेश दिया है कि वो राजस्थान में सरकार में आने के सपने देखना छोड़ दे। राजस्थान की जनता ने प्रदेश सरकार की सभी जनहित की योजनाओं को अपना समर्थन दिया है। भाजपा को अहंकार के कारण मुंह की खानी पड़ी है। गहलोत ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि अब आने वाले हर चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी।
आंकड़ों के आधार पर बीजेपी पर बताई बढ़त
मुख्यमंत्री ने आंकड़े बताते हुए कहा कि 4 सितंबर को आए नतीजों में 1564 वॉर्ड्स में से 670 वॉर्ड्स यानी 42.77% में कांग्रेस, 551 वॉर्ड्स यानी 35.17% में भाजपा और 371 वॉर्ड्स में निर्दलीयों ने जीत दर्ज की। ज़्यादातर निर्दलीय भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार ही हैं। 78 पंचायत समितियों में से 50 पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बने हैं। भाजपा तो कांग्रेस के आधे 25 प्रधान ही बना सकी है। इनमें से भी 10 प्रधान महज 1 वोट के अंतर से ही जीते हैं। इसी तरह जिला परिषद के 200 वॉर्ड्स में भी कांग्रेस 99 वॉर्ड्स, भाजपा 90 वॉर्ड्स और 11 वॉर्ड्स अन्य ने जीते। 6 में से 4 जिला परिषदों में कांग्रेस को बहुमत मिला। कांग्रेस ने 3 जगहों पर अपने जिला प्रमुख बनाए हैं।
होम डिस्ट्रिक्ट की जनता का कांग्रेस ज़िला प्रमुख और 12 प्रधान जिताने के लिए जताया आभार
गहलोत ने अपने बयान में होम डिस्ट्रिक्ट जोधपुर की जनता का विशेष आभार जताते हुए कहा कि पोस्ट कोविड समस्याओं के कारण लम्बे समय से मैं जोधपुर नहीं जा पाया । लेकिन जोधपुर की जनता ने अपना पूरा समर्थन कांग्रेस पार्टी को दिया है। जिसके कारण जोधपुर में कांग्रेस के जिला प्रमुख और 12 पंचायत समितियों में प्रधान बने हैं। उन्होंने चुनाव जीतने वाले सभी विजयी प्रत्याशियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
For breaking news and live news updates, like Smart Newsline on Facebook or follow us on Twitter & Whatsapp