Smart Newsline (SN)
Get Latest News from Smart Newsline on Whatsapp (Click to Join)
- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Udaipur
- Who Was The Biggest Supporter Of Pilot Till Yesterday, He Also Distanced Himself From The Birthday Programs, Girija Vyas Cut The Cake
उदयपुर38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सचिन पायलट।
राजनीतिक प्रसाद की अहमियत क्या होती है, यह मेवाड़ में सचिन पायलट के जन्मदिन ने बता दिया। वैसे तो यह महज एक नेता का जन्मदिन था। मगर इस दिन ने कई सियासी तस्वीरों को साफ कर दिया। सचिन पायलट के जन्मदिन पर उदयपुर में यूं तो कई कार्यक्रम हुए मगर इन कार्यक्रमों में औपचारिकता ज्यादा और गर्मजोशी कम दिखी। पिछले साल तक मेवाड़ में जो नेता सचिन पायलट के लिए पलक-पांवड़े बिछाए फिरते थे, इस बार वो सचिन पायलट के जन्मदिन तक पर दूर-दूर तक नजर नहीं आए।
वजह थी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत-सचिन पायलट विवाद और दरवाजे पर खड़ी राजनीतिक नियुक्तियां। मेवाड़ में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बावजूद भी नेता अपने झोली में राजनीतिक नियुक्ति की आस लगाए बैठे हैं। जो अरसे से गहलोत गुट में थे वो तो संतुष्ट हैं, मगर जिन्होंने कभी पायलट के पीछे अपना मुकाम बनाने के बारे में सोचा था उन्होंने आज रास्ता बदल लिया है।
उदयपुर में यूआईटी चेयरमैन, शहर, देहात जिलाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष सहित कई राजनीतिक नियुक्तियां होनी हैं। इसके लिए कई ऐसे लोग भी अपनी दावेदारी जता रहे हैं जिन्हें आगे बढ़ाने में सचिन पायलट का अहम रोल रहा। या यूं कहें जिनपर कभी पायलट कैम्प से होने की मुहर लगती थी। मगर प्रदेश में वर्तमान हालातों में अशोक गहलोत मजबूत स्थिति में हैं। ऐसे में खुद को पायलट का समर्थक बताकर ये नेता अपने पैरों पर कुल्हाड़ी नहीं मारना चाहते हैं। पायलट के जन्मदिन पर उदयपुर की हर विधानसभा में अलग-अलग रंग देखने को मिला।

पायलट के जन्मदिन पर केक काटती गिरिजा व्यास
उदयपुर शहर में जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, निवर्तमान जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित कुछ नेताओं ने खुले तौर पर पायलट का जन्मदिन मनाया। डीसीसी के बैनर तले केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इसमें गिरिजा गुट से जुड़े पार्षद मौजूद थे। मगर रघुवीर मीणा गुट से जुड़े पार्षद और नेता नदारद रहे।
उदयपुर ग्रामीण में पिछले साल तक जहां गर्मजोशी से विवेक कटारा पायलट का जन्मदिन मनाते थे, वहीं इस बार कटारा नजर नहीं आए। कटारा को टिकट पायलट ने दिलाया था।
गोगुंदा में भी पायलट का जन्मदिन नहीं मना, कभी खुद को पायलट का सबसे बड़ा समर्थक बताने वाले देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला नजर नहीं आए। पूछने पर कहा कि बाहर थे इसलिए नहीं मना सके। पिछले साल इन्होंने पायलट के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाया था।

पायलट के जन्मदिन पर पौधरोपण कार्यक्रम
मावली में पीसीसी सदस्य गोवर्धन सिंह चौहान, पूर्व प्रधान जीत सिंह चूंडावत ने पायलट का जन्मदिन मनाश। कभी पायलट के समर्थक रहे हीरालाल दरांगी भी इस जन्मदिन पर पायलट से दूरी बनाते दिखे। खेरवाड़ा में कुछ समर्थकों ने जन्मदिन मनाया। वहीं सलूम्बर में कोई कार्यक्रम नहीं हुआ।
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली तस्वीरें वल्लभनगर से आई। क्योंकि ये उन गजेंद्र सिंह शक्तावत का विधानसभा क्षेत्र है जो पिछले साल पायलट के साथ रहने वाले 22 विधायकों में थे। वल्लभनगर में पायलट के जन्मदिन को लेकर कोई कार्यक्रम नहीं हुआ। हालांकि इसके पीछे शक्तावत के निधन का शोक होने का कारण बताया गया।
राजनीतिक नियुक्तियां फिलहाल पेंडिंग है, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि लम्बे समय से एक ही गुट का दामन थामे रखने वाले नेताओं को मौका मिलेगा या उनकी भी लॉटरी लगेगी जिन्होंने रास्ता बदल लिया है।
For breaking news and live news updates, like Smart Newsline on Facebook or follow us on Twitter & Whatsapp