Smart Newsline (SN)
Get Latest News from Smart Newsline on Whatsapp (Click to Join)
कैथल7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
कैथल में गुरुद्वारा नीम साहिब में कारसेवा की प्रधानी को लेकर हुए विवाद में एक-दूसरे के सामने हुए सिख पंथ के लोग।
हरियाणा के कैथल में बुधवार को धार्मिक स्थान पर फायरिंग की घटना सामने आई है। विवाद की वजह गुरुद्वारे की तरफ से की जा रही कारसेवा की प्रधानी को लेकर पनपा विवाद बताया जा रहा है। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 5 घायल हो गए। इनमें से एक को गंभीर हालत में चंडीगढ़ PGIMER रेफर किया गया है। वहीं गोलीबारी की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल से 20 लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

गुरुघर के कमरों के बीच गैलरी में बिखरे ईंट-पत्थर।
घटना शहर के डोगरा गेट स्थित गुरुद्वारा नीम साहिब की है। मौके पर मौजूद गुरुद्वारा से जुड़े लोगों ने बताया कि कारसेवा के प्रधान गोपाल उर्फ पाला राम ने शरीर त्याग दिया था। इसके बाद पिहोवा स्थित गुरुद्वारे के बाबा महेंद्र सिंह को इस गुरुद्वारे की कारसेवा का कार्य सौंपा गया था। सिल्लाखेड़ा निवासी कुलबीर सिंह उर्फ बिटटू पहले प्रधान के पास ड्राइवर था, जो उनके शरीर त्यागने के बाद प्रधान बनना चाहता था, लेकिन संगत ने मना कर दिया और बाबा महेंद्र सिंह को प्रधानगी सौंप दी। इसे लेकर नाराज चल रहे बिट्टू ने डेरा गदला के निवर्तमान सरपंच साहब सिंह विर्क के साथ मिलकर प्रधान बनने की साजिश रची। बिट्टू गुरुद्वारे में दो कमरों पर कब्जा किए हुआ था। इन कमरों को खाली करवाने के लिए पहले चार बार पंचायत हो चुकी थी। बुधवार को भी पंचायत थी। हालांकि तीन दिन पहले हुई पंचायत में बिट्टू ने कमरे खाली करने के लिए दो दिन का समय मांगा था।

तनाव के बीच घटनास्थल पर मौजूद इलाके के लोग।
बुधवार को तय समय के अनुसार गुरुद्वारे से जुड़े लोग बिट्टू को कमरा खाली करने के लिए कहने लगे तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते तलवार, डंडे और ईंटें बरसनी शुरू हो गई। बिट्टू और उसके साथियों ने करीब 20 से 25 फायर किए। छह लोगों को गोली लगी और अन्य लोगों ने रेत के ढेर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। एक गोली सामने खड़ी कार की पिछले हिस्से में लगी। गोली आगे शीशा तोड़ते हुए बाहर निकल गई। हमलावरों ने दो गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। घायलों को इलाज के लिए शहर के निजी और सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जोगा सिंह नामक एक व्यक्ति को पेट में गोली लगने पर उसकी हालत गंभीर थी। उसे चंडीगढ़ PGIMER रेफर कर दिया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपियों को हिरासत में लेकर स्कूल बस में बिठाती पुलिस।
उधर घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सिटी थाना SHO सुरेंद्र कुमार, CIA-1 थाना इंचार्ज अमित कुमार, CIA-2 थाना प्रभारी सोमवीर, सदर थाना SHO बीरभान और DSP विवेक चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुरुद्वारा परिसर में फायरिंग करने वाले करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया। फायरिंग करने वाले लोगों को एक स्कूल बस से थाना ले जाया गया। पुलिस ने यहां से काफी मात्रा में लाठी, डंडे, पिस्तौल व गंडासी बरामद की है।
For breaking news and live news updates, like Smart Newsline on Facebook or follow us on Twitter & Whatsapp