- Hindi News
- National
- Smart Newsline Top News Headlines; JEE Main Exam Results Of First Phase To 5 More MLAs Left With Didi In Bengal And Now NIA Will Investigate Antilla Car Case And More
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें Smart Newsline ऐप
नमस्कार!
उत्तराखंड में क्यों डोल रही है CM त्रिवेंद्र सिंह रावत की कुर्सी? राहुल गांधी को क्यों याद आए ज्योतिरादित्य सिंधिया? कृषि मंत्री के क्षेत्र में महापंचायत कर क्या बोले टिकैत? आज सुबह हम ऐसी ही खास खबरें आपके लिए लेकर आए हैं। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ…
सबसे पहले देखते हैं बाजार का हाल…
- BSE का मार्केट कैप 207 लाख करोड़ रुपए रहा। BSE पर करीब 50% कंपनियों के शेयरों में बढ़त रही।
- 3,350 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,708 कंपनियों के शेयर बढ़े और 1,455 कंपनियों के शेयर गिरे।
आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर..
- किसान आंदोलन संबंधी टूलकिट के मामले में निकिता जैकब की जमानत याचिका पर सुनवाई।
- PM नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारत-बांग्लादेश के बीच मैत्री सेतु का उद्घाटन करेंगे।
- दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया विधानसभा में राज्य का बजट पेश करेंगे।
देश-विदेश
उत्तराखंड में CM बदलने की अटकलें
उत्तराखंड के कई मंत्रियों और विधायकों की नाराजगी के कारण मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है। चर्चा है कि पार्टी राज्य में किसी नए चेहरे को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप सकती है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने इस मसले पर लंबी मीटिंग की। मीटिंग के बाद नड्डा ने CM रावत को फिर बुलाया, जबकि वे दोपहर में उनसे मिल चुके थे।रावत हटे तो सतपाल महाराज, धनसिंह रावत, अनिल बलूनी या अजय भट्ट में से किसी को CM चुना जा सकता है। इधर, आज देहरादून में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक होगी।
JEE Main की पहले फेज का रिजल्ट जारी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फरवरी सेशन में हुई JEE मेन के पहले फेज की परीक्षा के रिजल्ट सोमवार शाम को जारी कर दिए हैं। NTA ने फरवरी सेशन की परीक्षा के नतीजों को ऑफिशियल पोर्टल jeemain.nta.nic.in पर जारी किया है। राजस्थान के साकेत झा, दिल्ली के प्रवर कटारिया और रंजिम दास, चंडीगढ़ के गुरम्रीत सिंह, महाराष्ट्र के सिद्धांत मुखर्जी और गुजरात के अनंत कृष्ण किदाम्बी ने 100 NTA स्कोर हासिल किया है। हालांकि, ऑल इंडिया रैंकिंग फरवरी, मार्च, अप्रैल और मई सेशन के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद तैयार की जाएगी।
बंगाल में 5 और विधायकों ने ममता का साथ छोड़ा
तृणमूल के सिंगुर से विधायक रवींद्रनाथ भट्टाचार्य समेत पांच MLA सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। इनमें भट्टाचार्य के अलावा सोनाली गुहा, जुटू लाहिड़ी, शीतल कुमार सरदार और फुटबॉलर दिपेंदु विश्वास शामिल हैं। टिकट काटे जाने से नाराज मालदा के हबीबपुर से TMC की पूर्व उम्मीदवार सरला मुर्मु ने भी BJP ज्वाइन कर ली।
बंगाल की 49% महिला वोटर्स पर ममता की नजर
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन महिलाओं की पद यात्रा निकालकर वुमन पावर दिखाई। एक दिन पहले भी यानी 7 मार्च को जब PM मोदी कोलकाता में रैली कर रहे थे, तब ममता ने सिलीगुड़ी में गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई वृद्धि को लेकर पैदल मार्च किया था। इसके जरिए ममता राज्य की 49 फीसदी महिला वोटर्स को अपने पाले में खींचने की कोशिश कर रही हैं।
केंद्र ने NIA को सौंपी एंटीलिया केस की जांच
उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर स्कॉर्पियो में जिलेटिन की छड़ें मिलने की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी। उधर, स्कॉर्पियो मालिक मनसुख हीरेन की मौत के मामले की जांच महाराष्ट्र ATS कर रही है। केस में NIA की एंट्री पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर केंद्र मामले को NIA को सौंपता है, तो इसका मतलब होगा कि कुछ गड़बड़ है।
सुशांत केस में ड्रग पैडलर अरेस्ट, ड्रग्स भी बरामद
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को कथित रूप से ड्रग्स सप्लाई करने वाले पैडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी हेमंत शाह उर्फ महाराज मध्यप्रदेश का रहने वाला है और पिछले कुछ साल से गोवा में बिजनेस कर रहा था। NCB की गोवा सब जोनल यूनिट और मुंबई NCB की एक ऑपरेशनल टीम ने माजल वाड़ो, असगांव में 7 और 8 मार्च की रात छापेमारी कर भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की है। इसी मामले में दो विदेशी नागरिकों, उगोचुकु सोलोमन उबाबुको (नाइजीरिया) और जॉन इन्फिनिटी डेविड (कांगो) को पकड़ा गया है। इनके पास से 10 हजार रुपए की भारतीय करेंसी भी बरामद हुई है।
राहुल गांधी को याद आए ज्योतिरादित्य सिंधिया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को याद किया। राहुल ने कहा कि अगर सिंधिया कांग्रेस में होते तो आज CM बन गए होते। मैंने उन्हें इंतजार करने को कहा था, लेकिन उन्होंने मेरी नहीं सुनी। आज भाजपा में जाकर वे बैकबेंचर हो गए हैं।लिखकर ले लीजिए, वह भाजपा में रहते हुए कभी भी मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। उसके लिए उन्हें यहीं वापस आना होगा।
कृषि मंत्री के घर में टिकैत की महापंचायत
नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने सोमवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के संसदीय क्षेत्र में महापंचायत की। श्योपुर में किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि केंद्र में कोई सरकार नहीं, कंपनियां चल रही हैं। वे किसानों को बर्बाद करने के लिए कृषि कानून लाए हैं। टिकैत ने कहा कि किसान प्रदर्शन करने के लिए किसी की अनुमति न लें। बैरिकेड्स तोड़ो, आज यहां बैरिकेड्स तोड़ोगे तो कल दिल्ली में तोड़ पाओगे। जो डरे वह मेरे साथ न आए। यह तो 3 कानून हैं, चुप रहे तो अभी 40 कानून और आने वाले हैं।
एक्सप्लेनर
GST लागू हो तो सस्ते हो सकते हैं पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दामों पर लगाम लगाने के लिए पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स को GST में लाने की मांग नई नहीं है, पर कुछ राज्यों को इस पर आपत्ति है। उनके ही दबाव की वजह से यह GST से बाहर है। अगर पेट्रोल-डीजल GST में आते हैं तो इसका आम लोगों को कितना फायदा होगा? केंद्र या राज्य सरकारों को आखिर कितना नुकसान होगा? दरअसल, आम लोगों को सीधे-सीधे 15 से 30 रुपए प्रति लीटर की राहत पेट्रोल पर मिल जाएगी और 10 से 20 रुपए तक की राहत डीजल पर। तो फिर इसमें अड़चन क्या है, जानिए यहां…
पढ़िए पूरी खबर…
पॉजिटिव खबर
घरेलू नुस्खे के बिजनेस से लाखों की कमाई
आज की पॉजिटिव खबर में बात केरल के तिरुवनंतपुरम की रहने वाली विद्या एम. आर. की। विद्या एक संविदा कर्मचारी हैं, कम्प्यूटर असिस्टेंट का काम करती हैं। दो साल पहले उन्होंने घर से ही हेयर ऑइल का स्टार्टअप शुरू किया था। आज वे एक दर्जन के करीब प्रोडक्ट तैयार कर रही हैं। कनाडा, अमेरिका सहित सात देशों में अपने प्रोडक्ट की सप्लाई करती हैं। इससे हर महीने 10 लाख रुपए की उनकी कमाई हो रही है।
पढ़िए पूरी खबर…
देश में अब तक 2 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन
भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का सेकेंड फेज शुरू होते ही टीकाकरण को रफ्तार मिल गई है। 16 जनवरी से 28 फरवरी तक करीब 1.43 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगे थे। वहीं, मार्च के पहले हफ्ते में ही 50 लाख से अधिक डोज दिए गए हैं। यानी हर दिन औसतन 7.5 लाख से अधिक डोज दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार सुबह 7 बजे तक के डेटा के मुताबिक भारत में अब तक 2.10 करोड़ डोज दिए गए हैं। इसमें 1.72 करोड़ लोगों को कम से कम पहला डोज मिला, जबकि 37.61 लाख लोग दूसरा डोज भी लगवा चुके हैं।
WTC का फाइनल लॉर्ड्स नहीं, साउथैम्पटन में
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल लॉर्ड्स में नहीं, बल्कि साउथैम्पटन के एजेस बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल 18 जून से 22 जून के बीच खेला जाएगा। 23 जून को रिजर्व डे के तौर पर रखा गया है। BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला दोनों ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि कोरोना को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया गया। ICC पहली बार WTC टूर्नामेंट करा रहा है।
सुर्खियों में और क्या है..
- महाराष्ट्र में सोमवार को पेश होने वाले बजट से पहले 36 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें ज्यादातर विधानसभा के कर्मचारी हैं।
- ऑस्ट्रिया में कोरोना वैक्सीनेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
Follow @ Facebook
Follow @ Twitter
Follow @ Telegram
Updates on Whatsapp – Coming Soon